अररिया विधानसभा चुनाव-2025 – नाम वापसी के बाद 6 सीटों पर अब 61 उम्मीदवार मैदान में, 27 नामांकन हुए रद्द

ARARIA NEWS, प्रिंस(अन्ना राय) : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के दूसरे चरण में अररिया जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर चुनावी तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई, जिसके बाद जिले में कुल 61 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। यह जानकारी अररिया जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अनिल कुमार ने गुरुवार को समाहरणालय के परमान सभागार में आयोजित मीडिया प्रेस ब्रीफिंग में दी।

नामांकन की अंतिम स्थिति

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि नाम वापसी की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर, 2025 थी। प्रक्रिया के बाद चुनावी आंकड़ों का सारांश इस प्रकार है:

कुल नाम निर्देशित अभ्यर्थी: 95
अस्वीकृत नामांकन (रद्द): 27
स्वीकृत नामांकन (वैध): 68
नाम वापस लेने वाले उम्मीदवार: 07
चुनाव लड़ने वाले अंतिम उम्मीदवार: 61

सात उम्मीदवारों ने स्वेच्छा से अपना नाम वापस ले लिया। इनमें नरपतगंज से हदीश, रानीगंज से शांति देवी और सुनील पासवान, जोकीहाट से अजहर मुर्शिद और संजय यादव, तथा सिकटी से अमोद कुमार मंडल और संतोष कुमार मंडल शामिल हैं।

विधानसभा क्षेत्रवार अंतिम उम्मीदवारों की संख्या

नाम वापसी के बाद, अररिया जिले की छह विधानसभा सीटों पर अंतिम रूप से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की संख्या इस प्रकार है: विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या एवं नाम | कुल वैध नामांकन (अंतिम) | 46-नरपतगंज- 15, 47-रानीगंज (अ०जा०)- 7, 48-फारबिसगंज- 13, 49-अररिया- 10, 50-जोकीहाट- 8, 51-सिकटी- 8

ईवीएम और चुनाव चिन्ह का आवंटन

प्रेस ब्रीफिंग में बताया गया कि जिन निर्दलीय और गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों ने नाम वापस नहीं लिए हैं, उन्हें आज ही चुनाव चिन्ह (प्रतीक) आवंटित कर दिए गए हैं। अब चुनाव लड़ने वाले सभी अंतिम उम्मीदवारों की सूची, उनके आवंटित चुनाव चिन्ह के साथ, सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अनिल कुमार ने ईवीएम/वीवीपैट की उपलब्धता की जानकारी देते हुए बताया कि 3689 बीयू (बैलेट यूनिट), 3148 सीयू (कंट्रोल यूनिट) और 3171 वीवीपैट पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं। द्वितीय रेंडमाइजेशन 29.10.2025 को होगा, जबकि कमिशनिंग की तिथि 03.11.2025 निर्धारित है।

मतदाताओं की संख्या और आचार संहिता का अनुपालन

डीएम ने बताया कि आज की तिथि (23.10.2025) तक अररिया जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल मतदाताओं की संख्या 19,79,502 है, जिसमें 10,36,882 पुरुष, 9,42,531 महिला और 89 अन्य मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है और प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रहा है। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से आचार संहिता का पूर्णतः पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से प्रचार करने की अपील की। इस अवसर पर वरीय प्रभारी निर्वाचन सह अपर समाहर्ता अजय कुमार ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. राम बाबू कुमार, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी चन्द्रशेखर यादव सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon