PURNIA NEWS, आनंद यादुका : भवानीपुर प्रखंड के सुरैति पंचायत अंतर्गत वार्ड 3 के रायपुरा घाट टोला में भीषण आग लगने से चार परिवार का घर और घर मे रखा सभी सामान जलकर राख हो गया । बताया जाता है कि इस भीषण अगलगी में रायपुर घाट निवासी अनिरुद्ध मंडल के पुत्र मुकेश मंडल एवं रूपेश मंडल और श्रवण मंडल के पुत्र संजीत मंडल एवं अमर मंडल का घर सहित घर में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया । आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया । कयास लगाए जा रहे हैं कि बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगी है । आग इतनी भयावह थी कि कोई कुछ नहीं कर पाया । आग लगने के बाद समूचे गांव में अफरा तफरी मच गई । पीड़ित परिजन जबतक कुछ समझ पाते तबतक आग ने विकराल रुप ले लिया ।
आग लगा देख आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत बाद आग पर किसी तरह काबू पाया । स्थानीय लोगों के द्वारा जबतक आग पर काबू पाया गया तबतक चारों परिवार का घर और घर में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया । इस भीषण अगलगी में पीड़ित परिजनो के पहने हुए कपड़ो को छोड़कर कुछ भी नहीं बच पाया । वहीं स्थानीय लोगों के द्वारा दिये गए सूचना पर दमकल भी घटनास्थल पर पहुंचा था । परंतु दमकल कर्मियों के पहुंचने से पूर्व स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था । घटना की सूचना पाकर अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज कुमार राज, सुरैति पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि छोटका अवधेश मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे थे । घटना के बाद पीड़ित परिजनों में मातम छा गया है ।



