PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : थाना क्षेत्र के डोभा महर्षिनगर में एक शादी की खुशियां, देखते-देखते मातम में बदल गई । सडक दुर्घटना में टोले से तीन-तीन किशोरों की मौत ने पूरे गांव को झंझोर डाला है । हरओर चित्कार मचा हुआ है । रविवार की रात थाना क्षेत्र के डोभा गांव से जा रही बारात में से सडक दुर्घटना में बचे दुल्हे के भाई की भी मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान हो गई है, जिसकी खबर मात्र से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है । हरओर शोक की लहर फैली हुई है । यह बता दें कि डोभा गांव के महर्षिनगर डोभा गांव से जित्तन मंडल के पुत्र निरंजन मंडल की बारात कटिहार जिले के काबरकोठी जा रही थी । एक बाइक से मनजीत कुमार, उम्र 13 वर्ष, पिता डिस्को मंडल, अमरजीत कुमार, 18 वर्ष, पिता तिलेश मंडल एवं लडके का छोटा भाई रवीन कुमार बारात जा रहे थे ।
कटिहार जिला के पोठिया थाना क्षेत्र के नरैहिया गांव के पास सडक पर बने ठोकर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार ठोकर मार दी थी, जिससे मौके पर ही चालक अमरजीत कुमार, मनजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि रविन कुमार बुरी तरह से जख्मी हो गया था। तत्काल ग्रामीणों ने पोठिया पुलिस को सूचना दी थी, पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया था, जहां रवीन की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है । उसके शव को अंत्यपरीक्षण कराकर अंतिम-संस्कार कर दिया गया है । पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है, सभी यही कह रहे हैं कि भगवान ने यह क्या कर डाला, तीन मासूमों की जान ले ली । हरओर चित्कार मचा हुआ है । एकही टोले से तीन-तीन किशोरों की मौत ने पूरे गांव को झंझोर डाला है ।



