तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत, पांच महीने पहले पत्नी की भी हादसे में गई थी जान

पूर्णिया, आनंद यादुका : मीरगंज थाना क्षेत्र में इमली टोल नहर के समीप सोमवार की शाम करीब 5 बजे हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मीरगंज नगर पंचायत के मीरमिलिक मुसहरी, वार्ड संख्या 15 निवासी महेन्द्र ऋषि के 20 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुआ। मृतक युवक, महेन्द्र ऋषि का तीसरा बेटा था। रिजनों ने बताया कि पांच महीने पहले ही राकेश की पत्नी रबिता देवी की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम राकेश अपने दोस्त के साथ किसी काम से मीरगंज गया हुआ था। घर से जाते समय इमली टोल नहर के पास एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत मीरगंज पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गंभीर हालत में राकेश को पूर्णिया जीएमसीएच भेजा गया। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन रात करीब 9 बजे राकेश ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता महेन्द्र ऋषि ने बताया कि राकेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और परिवार की जिम्मेदारियों का एक वही सहारा था। बेटे की अचानक मौत ने पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *