PURNIA NEWS : पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने मंगलवार को निबंधन सह परामर्श केंद्र (DRCC) का औचक निरीक्षण किया, जहाँ कार्यालय व्यवस्था और साफ-सफाई बेहद खराब पाए जाने पर उन्होंने प्रबंधक तथा जिला योजना पदाधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया और चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर उनका वेतन स्थगित कर दिया जाएगा। डीएम ने छात्र क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता भत्ता और कुशल युवा कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का आदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान कर्मियों की अनुपस्थितियों और देर से आने की आदत पर भी उन्होंने कड़ा रुख अपनाया, बायोमेट्रिक रिकॉर्ड की जांच का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि यदि महीने में तीन से अधिक बार 10:45 बजे के बाद उपस्थिति दर्ज की गई तो संबंधित कर्मियों का आधा वेतन काटा जाएगा। डीएम ने साफ-सफाई, कार्यालय संचालन और समयपालन को तत्काल सुधारने का निर्देश देते हुए व्यवस्था में लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त न करने के संकेत दिए।




