PURNIA NEWS : अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस और बिहार मानवाधिकार आयोग की 17वीं स्थापना वर्षगांठ पर केंद्रीय कारा पूर्णिया में मंगलवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बंदियों द्वारा जागरूकता आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्णिया प्रमंडल आयुक्त के सचिव अवधेश कुमार आनंद ने किया, जबकि अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सुजय कुमार सिंह, एसडीपीओ (यातायात) कौशल किशोर, उप निदेशक प्रोबेशन शंभू मंडल, जेल अधीक्षक मनोज कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान बंदियों ने नाटक, गीत, भाषण और नृत्य के माध्यम से मानवाधिकार से जुड़ी संदेशपूर्ण प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें अतिथियों ने सराहा व पुरस्कार भी वितरित किए। जेल अधीक्षक ने बंदियों को उनके विधिसम्मत अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराया तथा मानवाधिकार संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।



