नए DM विनोद दूहन ने ली पहली अहम बैठक, जनसुविधाओं में लापरवाही न बरतने का निर्देश

अररिया, प्रिंस कुमार: नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी (DM) विनोद दूहन, भा. प्र.से. की अध्यक्षता में शुक्रवार को आत्मन सभागार में जिले के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली बड़ी बैठक थी।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी विनोद दूहन ने बारी-बारी से सभी उपस्थित पदाधिकारियों का परिचय लिया। उन्होंने प्रत्येक विभाग से संबंधित प्रमुख प्राथमिकताओं की विस्तृत जानकारी हासिल की। इस दौरान, उन्होंने विभागवार विकासात्मक योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उनके क्रियान्वयन की गति, परियोजनाओं को पूरा करने में आ रही चुनौतियों और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करें।

उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त अररिया, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अररिया एवं फारबिसगंज, जिला कोषागार पदाधिकारी, सभी वरीय उप समाहर्ता, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी (DPRO), सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *