पूर्णिया : भट्ठा स्थित रामकृष्ण मठ में शुक्रवार को श्री श्री माँ सारदे की 173वीं जयंती महोत्सव श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक विजय खेमका ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी जितेन्द्रानंद जी महाराज के प्रवचन से आत्मा स्वयं को धन्य अनुभव करती है। उन्होंने कहा कि यह पावन दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संकल्प और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
विधायक ने रामकृष्ण मिशन के उद्देश्यों—समाज सेवा, शिक्षा, आध्यात्मिक उन्नति और मानव उत्थान—को सर्वव्यापी बताते हुए कहा कि मठ की सेवाएं पूर्णिया के हर व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने माँ सारदे के त्याग, समर्पण और सेवा को सभी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए स्वामी विवेकानंद के ‘विश्वगुरु भारत’ के संकल्प को दोहराने का आग्रह किया। मठ समिति द्वारा जयंती अवसर पर विविध आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ असहायों के बीच वस्त्र वितरण और महाप्रसाद भंडारा का आयोजन किया गया, जिसकी विधायक ने सराहना की। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।



