अररिया, प्रिंस कुमार : अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसर वार्ड संख्या-5 में सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक सनसनीखेज वारदात में 45 वर्षीय किसान रंजन सिंह की उनके ही घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार रंजन सिंह घर में सो रहे थे, तभी हमलावरों ने सीने में तीन गोलियां दाग दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई और आरोपी फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हत्या का कारण जमीन विवाद और पुरानी रंजिश है, क्योंकि करीब सात महीने पहले आम तोड़ने के विवाद में भी रंजन सिंह को गोली मारी गई थी और वह मामला अभी न्यायालय में लंबित है।
परिजनों का आरोप है कि समझौते का दबाव बनाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, मृतक अपने पीछे पत्नी, पांच बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं। सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।




