ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की डीएम ने की समीक्षा, गुणवत्ता और जवाबदेही पर सख्त निर्देश

PURNIA NEWS : मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को पूर्णिया के महानंदा सभागार में जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, तकनीकी टीम एवं अधिकृत एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और सतत प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमित रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में स्थापित सभी सोलर स्ट्रीट लाइट हर हाल में क्रियाशील हों और जहां तकनीकी खराबी की शिकायतें हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मरम्मत कराई जाए। साथ ही नए स्थलों पर स्थापना से पहले अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि योजना के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, ताकि योजना का वास्तविक लाभ ग्रामीण जनता तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *