पूर्णिया: पूर्णिया ने बॉलीवुड के मानचित्र पर अपना झंडा गाड़ दिया – बहुप्रतीक्षित युद्ध फिल्म ‘Border 2’ के टीज़र की स्पेशल स्क्रीनिंग मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और सहारनपुर के साथ पूर्णिया के रुपवाणी सिनेमा हॉल में धूमधाम से हुई, जो शहर के लिए गर्व का क्षण बन गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में कसबा विधायक नितेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर रहे थे, जबकि रुपवाणी सिनेमा हॉल के मालिक विशेक चौहान ने आयोजन की अगुवाई की।
हॉल खचाखच भरा था – सैकड़ों उत्साही दर्शक, फिल्मप्रेमी और युवा बड़े पर्दे पर सनी देओल की दमदार एंट्री, देशभक्ति की लहर और जंग के रोमांचक सीन देखकर तालियां बजाते और चीयर करते नजर आए। टीज़र में पाकिस्तान पर भारत की हुंकार और युद्ध के दृश्यों ने पूरे हॉल को जोश से भर दिया। स्क्रीनिंग के बाद टीज़र आम जनता के लिए रिलीज कर दिया गया। विधायक नितेश सिंह ने गर्व से कहा – “महानगरों की लिस्ट में पूर्णिया का नाम आना हमारे शहर की बढ़ती पहचान और प्रतिभा का सबूत है, यह हर पूर्णियावासी के लिए गौरव की बात है।” हॉल मालिक विशेक चौहान ने मुस्कुराते हुए बताया – “पूर्णिया को इस बड़े प्लेटफॉर्म पर जगह मिलना सिनेप्रेमियों की जीत है, हमने इसे यादगार बनाने की पूरी कोशिश की।”

कार्यक्रम को और रंगीन बनाने के लिए कॉमेडियन राज सोनी ने अपने मजेदार अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन किया, जबकि उद्घोषक के रूप में श्री राम सेवा संघ के संस्थापक राणा प्रताप सिंह और मुरारी सिंह ने मंच संभाला। ललित अग्रवाल, प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह, वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा, सुनील सुमन सहित कई प्रमुख लोग भी मौजूद रहे। दर्शकों में खुशी की लहर थी – कोई देशभक्ति के नारे लगा रहा था, तो कोई सेल्फी लेते हुए उत्साह बांट रहा था। इस स्पेशल इवेंट ने साबित कर दिया कि पूर्णिया अब सिर्फ सीमांचल का हृदय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सिनेमा का उभरता सितारा बन चुका है। ‘बॉर्डर 2’ का यह टीज़र लॉन्च पूर्णिया के लिए नया इतिहास रच गया।



