PURNIA NEWS : जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पूर्णिया के सहायक निदेशक अमरेश कुमार ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान पूर्णिया पूर्व प्रखंड कार्यालय में संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन काउंटर का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग सहित लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था व विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, राष्ट्रीय एवं मुख्यमंत्री परिवार लाभ योजना से जुड़े नए और लंबित आवेदनों, त्रुटि सुधार, दस्तावेज सत्यापन तथा डाटा एंट्री की स्थिति का जायजा लिया गया। सहायक निदेशक ने पाया कि पेंशन काउंटर निर्धारित समय पर संचालित हो रहा है और लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, हालांकि कुछ मामलों में दस्तावेज अधूरे, बैंक खाते निष्क्रिय तथा आधार लिंक न होने जैसी त्रुटियां भी सामने आईं।
इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन, लाभार्थियों को सही जानकारी उपलब्ध कराने और नियमित सहायता शिविर लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों और क्षेत्रीय कर्मियों से भी संवाद कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के नए आवेदन सृजित कराने पर जोर दिया गया, ताकि सभी को समय पर और पारदर्शी तरीके से सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।



