पूर्णिया, आंनद यादुका: पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र में हुए आदिवासी युवक हत्याकांड को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। रविवार को पूर्णिया की पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत स्वयं किशनपुर बलुआ पंचायत पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द से जल्द सभी दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। एसपी स्वीटी सहरावत ने सख्त लहजे में कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि धमदाहा थाना क्षेत्र के किशनपुर बलुआ पंचायत निवासी विश्वनाथ टुड्डू के 23 वर्षीय पुत्र राजकुमार टुड्डू की कुछ दिनों पूर्व अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी थी।हत्या के बाद शव को गड्ढे में छिपाकर पटसन के नीचे दबा दिया गया था। इस मामले को लेकर मृतक के पिता द्वारा धमदाहा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। हालांकि मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाने पर एसपी ने स्वयं संज्ञान लेते हुए जांच की कमान अपने हाथों में ले ली। उनके इस कदम से न केवल पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है, बल्कि आम लोगों में भी पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। Post navigationवाल्मीकि टाइगर रिजर्व में यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन का रोमांचकारी पारिवारिक सह प्रशिक्षण शिविर संपन्न सड़क किनारे खुले में डंप हो रहा कचरा, जलाने से फैल रहा प्रदूषण