पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: बीती देर रात रूपौली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.45 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गश्ती के दौरान जब पुलिस वाहन थाना मुख्यालय से लगभग सौ मीटर दूर एसएच पर पहुंचा, तभी सामने से एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखे। पुलिस वाहन को देखते ही बाइक पर सवार दो युवक कूदकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग निकले, जबकि चालक को मौके पर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुआ, जिसका वजन 7.45 ग्राम पाया गया। गिरफ्तार युवक ने अपना नाम मो. आलम उमर, पिता मो. अंसारूल, निवासी आझोकोपा बताया। पुलिस ने मौके से उसकी पल्सर बाइक (बीआर 11 बीपी 6042) भी जब्त कर ली है। पूछताछ में उसने फरार युवकों के नाम रूपौली गांव के राजा यादव और शेखर यादव बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।



