PURNIA NEWS: रामबाग चौराहा मामला: सोशल मीडिया पोस्ट से फैला भ्रम, प्राथमिकी दर्ज, दो लोग गिरफ्तार

पूर्णिया: PURNIA NEWS  सदर थाना क्षेत्र के रामबाग चौराहा स्थित एक मोमो दुकान से जुड़ा मामला सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और वीडियो के बाद चर्चा में आ गया। मांस बिक्री को लेकर किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद इलाके में भ्रम और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद सदर थाना पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक पोस्ट और वीडियो सामने आया, जिसमें भैंस के मांस की बिक्री से संबंधित बातें कही गई थीं। यह पोस्ट सार्वजनिक रूप से प्रसारित हुई, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर यह आशंका फैल गई कि संबंधित मोमो दुकान में भैंस या गौमांस का उपयोग किया जा रहा है। इसी कारण कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

PURNIA NEWS

जांच के दौरान यह सामने आया कि रामबाग चौराहा पर मोमो दुकानदार द्वारा दुकान संचालित की जा रही थी। पोस्ट और वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद दुकानदार मौके से चला गया। आक्रोशित लोगों द्वारा उसकी ठेला-आधारित दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस मामले में सदर थाना के सहायक थाना प्रभारी शशि कुमार भगत के स्वयं बयान के आधार पर सदर थाना कांड संख्या 628/25 दर्ज की गई है।

PURNIA NEWS

पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी करने वाले पीके पल्लव तथा संबंधित मोमो दुकानदार— मो इम्तियाज दोनों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। वायरल पोस्ट और वीडियो को डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी वायरल पोस्ट या वीडियो पर बिना पुष्टि विश्वास न करें। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *