पूर्णिया को स्मार्ट सिटी मिशन में शामिल करने की मांग, सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से की मुलाकात

PAPPU YADAV : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दिल्ली में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर पूर्णिया को स्मार्ट सिटी मिशन में शामिल करने की जोरदार मांग रखी। इस दौरान उन्होंने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पूर्णिया उत्तर भारत का एक तेजी से उभरता हुआ वाणिज्यिक, शैक्षणिक और परिवहन केंद्र है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग NH-31, NH-57 और NH-107 के माध्यम से पूर्वोत्तर भारत, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश से जुड़ा हुआ है। साथ ही प्रस्तावित पटना–पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से क्षेत्र को नई आर्थिक गति मिलने की संभावना है।

सांसद ने अपने ज्ञापन में बताया कि पूर्णिया सीमांचल अंचल का आर्थिक द्वार है, लेकिन शहर को स्मार्ट शहरी अवसंरचना, बेहतर जल निकासी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटल नागरिक सेवाओं की सख्त जरूरत है। उन्होंने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी स्टडी कराने का भी अनुरोध किया, ताकि जिले की विकास संभावनाओं का वैज्ञानिक आकलन हो सके और करीब 20 लाख शहरी-ग्रामीण आबादी को इसका लाभ मिल सके।

इसके साथ ही सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया जिले की बदहाल बिजली व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कृषि, व्यापार, शिक्षा और उभरते औद्योगिक क्षेत्रों के बावजूद जिले में विद्युत आपूर्ति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने मेगा पावर ग्रिड, नए सब-स्टेशन और ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार की मांग करते हुए कहा कि इससे न केवल लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या दूर होगी, बल्कि आसपास के जिलों को भी स्थायी और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। सांसद ने केंद्र सरकार से संबंधित योजनाओं के तहत शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देने का आग्रह किया और विश्वास जताया कि इन प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय से पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *