पूर्णिया: पूर्णिया में युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और वैश्विक रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात कर “पूर्णिया इंटरनेशनल स्किल सेंटर” की स्थापना का प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। सांसद ने बताया कि क्षेत्र की बड़ी युवा आबादी के लिए यह केंद्र रोजगार और कौशल विकास का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।
केंद्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आईटी, एविएशन, हॉस्पिटैलिटी, हेल्थकेयर, कृषि-तकनीक, सोलर एनर्जी और विदेशी भाषा प्रशिक्षण जैसे कोर्स चलाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन आधारित कृषि प्रशिक्षण और रिमोट पायलट कोर्स के जरिए स्थानीय युवाओं को उच्च स्तर के रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सांसद ने मंत्रालय से शीघ्र साइट निरीक्षण और वित्तीय पैकेज सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि पूर्वी बिहार में यह केंद्र कौशल और रोजगार के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला सके।



