भवानीपुर में झोलाछाप इलाज बना मौत की वजह: फर्जी क्लिनिक की लापरवाही से मासूम की गई जान

पूर्णिया: भवानीपुर नगर पंचायत के सर्वोदय आश्रम चौक पर अवैध रूप से संचालित एक कथित फर्जी क्लिनिक और झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से एक मासूम बच्चे की मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। भवनदेवी टोला निवासी मो. परवेज के पुत्र की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे इसी क्लिनिक पर ले गए थे, जहां पिछले पांच दिनों से उसका इलाज चल रहा था।

परिजनों के अनुसार अचानक बच्चे की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद घबराकर वे उसे फिर उसी कथित चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख उसने इलाज करने के बजाय बच्चे को भवानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की सलाह दे दी। आनन-फानन में परिजन बच्चे को सीएचसी पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रिजवान आलम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया और बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोगों ने भवानीपुर क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध क्लिनिक और झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *