पीजी की खाली सीटें सार्वजनिक करने और चौथी मेरिट लिस्ट जारी करने की मांग, छात्र राजद ने दी आंदोलन की चेतावनी

पूर्णिया: छात्र राजद पूर्णिया जिला अध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने पूर्णिया विश्वविद्यालय की नामांकन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए पीजी सत्र 2025–27 में चौथी मेरिट लिस्ट जारी करने, पीजी की रिक्त सीटों की संख्या सार्वजनिक करने और पीएचडी सत्र 2024 व 2025 की परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की लापरवाही और मनमानी फैसलों का खामियाजा सीमांचल के छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि यूजी और पीजी दोनों सत्रों में सैकड़ों सीटें खाली रहने के बावजूद नामांकन नहीं कराया गया। बिस्मिल ने आरोप लगाया कि छात्रों से आवेदन शुल्क वसूला गया, लेकिन उन्हें नामांकन का अवसर नहीं मिला, जो छात्र विरोधी रवैये को दर्शाता है।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि चौथी मेरिट लिस्ट जारी नहीं की गई, रिक्त सीटों को जानबूझकर खाली छोड़ा गया और पीएचडी परीक्षा में देरी जारी रही, तो छात्र राजद आंदोलन और विश्वविद्यालय घेराव के लिए बाध्य होगी। इस संबंध में उन्होंने कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह को लिखित ज्ञापन भी सौंपा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *