PURNIA NEWS : ग्रुप कैप्टन विश्वजीत कुमार द्वारा शुरू की गई एक महत्वपूर्ण पहल आखिरकार फलीभूत हो गई है। वर्ष 2013 में, स्टेशन कमांडर के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने केंद्रीय विद्यालय पूर्णिया के लिए एयर फोर्स की 12.91 एकड़ भूमि हस्तांतरित करने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा था। भारत सरकार ने 2014 में इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए केवी को यह भूमि मात्र 1 रुपये के वार्षिक लीज पर देने की सहमति प्रदान की थी। हालांकि, इस प्रक्रिया में एक बाधा आई जब बिहार सरकार ने निबंधन शुल्क के रूप में केंद्रीय विद्यालय से लगभग 44 लाख 88 हजार रुपये की मांग की। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने इस शुल्क को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताते हुए मना कर दिया और बिहार सरकार से इसे माफ करने का आग्रह किया था। अब बिहार सरकार ने इस शुल्क को माफ करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
ग्रुप कैप्टन विश्वजीत कुमार ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पूर्णिया और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों के भविष्य के लिए अत्यंत सुखद बताया है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय संगठन से आग्रह किया है कि वे बिना देरी किए समुचित बजट जारी करें और विद्यालय भवन, खेल का मैदान, स्टाफ आवास सहित सभी आवश्यक संरचनाओं का शीघ्र निर्माण कराएं। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री और सभी संबंधित अधिकारियों का धन्यवाद भी व्यक्त किया है।










Leave a Reply