फारबिसगंज (अररिया) स्थित हवाई अड्डा मैदान पर आयोजित ‘बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच (BPMYM) स्पोर्ट्स कार्निवल सीजन-1’ के सेमीफाइनल मुकाबलों ने रविवार को क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। कड़े संघर्ष और आखिरी गेंद तक चले मुकाबलों के बाद अब टूर्नामेंट के फाइनल में भागलपुर और मेजबान फारबिसगंज की टीमें आमने-सामने होंगी। खिताबी मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा।
सेमीफाइनल मैचों का उद्घाटन बिहार विधान परिषद के उप नेता डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने टॉस उछालकर किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं छात्र जीवन में क्रिकेट खेला है और समय के साथ तकनीक बदली है, लेकिन खेल भावना आज भी वैसी ही बनी हुई है। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए खेलों के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरव जैन, प्रांतीय अध्यक्ष अश्विनी खटोड़ और संयोजक निशांत गोयल ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया।
दिन का पहला सेमीफाइनल किशनगंज और भागलपुर के बीच खेला गया। किशनगंज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 6 विकेट पर 104 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भागलपुर की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मात्र 5.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 110 रन बना लिए और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हर्षित केडिया को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
दूसरा सेमीफाइनल मेजबान फारबिसगंज और मुजफ्फरपुर के बीच खेला गया, जो टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच साबित हुआ। फारबिसगंज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 7 विकेट पर 134 रन बनाए। जवाब में मुजफ्फरपुर की टीम ने कड़ा मुकाबला किया, लेकिन अंतिम गेंद पर रोमांच चरम पर पहुंच गया। मुजफ्फरपुर की टीम 12 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन ही बना सकी और फारबिसगंज ने 1 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में मयूर दुगड़ और बादल मूंदड़ा को संयुक्त रूप से ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरव जैन ने बताया कि अब मंगलवार को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में भागलपुर और फारबिसगंज की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान प्रांतीय पदाधिकारी शरद कानोडिया, अर्पित केशान, आकाश कन्दोई, राजीव टीग्रेवाल और मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष बछराज राखेचा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
संवाददाता अंग इंडिया, अररिया / प्रिंस कुमार /



