संवाददाता अंग इंडिया/पूर्णिया / आनंद यदुका/
भवानीपुर थाना क्षेत्र के बड़हरी और रघुनाथपुर गांव में चार दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को भवानीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई 27 हजार 200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार चोर की पहचान हंसराज कुमार उर्फ हर्षराज के रूप में हुई है। उसे जावे गांव के पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। भवानीपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होने की फिराक में था। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे जावे पुल के पास धर दबोचा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में हर्षराज ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया है और अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार की रात बड़हरी और रघुनाथपुर गांव के चार दुकानों में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में पीड़ित दुकानदार मुन्ना यादव ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर कांड संख्या 15/26 दर्ज कराया था। घटना के महज 24 घंटे के भीतर ही भवानीपुर पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। भवानीपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



