पूर्णिया, विमल किशोर: बिहार बाल भवन किलकारी, पूर्णिया में आयोजित जिला स्तरीय TLM 3.0 मेले ने शिक्षण के बदलते स्वरूप को सामने रखा, जहाँ जिले के 14 प्रखंडों से आए शिक्षकों ने नवाचारों के साथ भागीदारी की। हिंदी, उर्दू, अंग्रेज़ी, गणित और विज्ञान विषयों में चयनित कुल 70 शिक्षक प्रतिभागियों ने अपनी शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह और जिला पदाधिकारी पूर्णिया की विशेष उपस्थिति रही।
अमौर प्रखंड से प्रतिनिधित्व कर रहे मध्य विद्यालय पैठानटोली के प्रधानाध्यापक धीरज कुमार को सामाजिक विज्ञान विषय में बाल-केंद्रित, सरल एवं TLM आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने के लिए जिला अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मंत्री और जिलाधिकारी ने स्वयं उनके नवाचार ‘बाईस्कोप’ आधारित TLM को देखा और उसकी सराहना की। धीरज कुमार ने बताया कि यह शिक्षण सामग्री कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों के लिए विकसित की गई है, जिससे बच्चे खेल-खेल में विषयों को समझते हैं और उनकी सीखने की रुचि बढ़ती है।

उनके सतत प्रयासों से अत्यंत पिछड़े क्षेत्र में स्थित विद्यालय को नई पहचान मिली है। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, डायट श्रीनगर के प्राचार्य, विभागीय पदाधिकारी और जूरी सदस्य मौजूद रहे। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार के शिक्षकों ने प्रधानाध्यापक को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।



