बजट 2026 से शिक्षा, उद्योग और आत्मनिर्भर भारत को नई दिशा: प्रदीप कुमार सिंह
अररिया, प्रिंस कुमार: संसद के बजट सत्र में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 देश के सर्वांगीण विकास को नई गति देने वाला है। अररिया के सांसद श्री प्रदीप कुमार सिंह ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट वर्ष 2014 से प्रारंभ विकास इंजन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और विकसित भारत के लक्ष्य को और मजबूत करेगा। सांसद श्री सिंह ने कहा कि बजट 2026 में Champion MSMEs के निर्माण, इन्फ्रास्ट्रक्चर को शक्तिशाली प्रोत्साहन, दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता एवं सुरक्षा, सिटी इकोनॉमिक रीजन का विकास, औद्योगिक क्षेत्रों का पुनरुद्धार तथा मैन्युफैक्चरिंग के विस्तार जैसे दूरदर्शी प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे और रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे।
उन्होंने विशेष रूप से बजट में हर जिले में बालिकाओं के लिए आवासीय विद्यालय खोलने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक है। इससे ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित वातावरण मिलेगा और उनका भविष्य मजबूत होगा।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि यह बजट युवाओं, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और उद्यमियों सभी के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है तथा आत्मनिर्भर भारत की नींव को और सुदृढ़ करेगा। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करने पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने की ठोस रूपरेखा है।