अरवल: अरवल जिले के परासी थाना क्षेत्र के परासी गांव में एक नाबालिग लड़की की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका की मां ने अपने पति पर बेटी के साथ दुष्कर्म करने और हत्या कर शव को जलाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में मामले को खुदकुशी के रूप में देख रही है। घटना के समय लड़की की मां मायके गई हुई थी और इसी दौरान एक ग्रामीण ने उसे सूचना दी कि उसकी बेटी की हत्या कर शव को जला दिया गया है।
महिला तुरंत अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ ससुराल पहुंची, जहां पति ने दावा किया कि बेटी ने आत्महत्या की है। इससे नाराज मायके पक्ष के लोगों ने पति के साथ मारपीट की और कथित शव जलाने की जगह पर ले जाने का प्रयास किया, जिसके दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
बाद में मारपीट के आरोप में महिला के भाई और अन्य रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अधजला शव स्थल से एक अधजली मुंडी बरामद की है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल ने बताया कि शुरुआती जांच में खुदकुशी के संकेत मिले हैं, लेकिन किसी भी पक्ष ने अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई है और मामले की गहन जांच जारी है।



