पूर्णिया: पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विवेकानंद सिंह को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक नेतृत्व, नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण और प्रभावी प्रशासनिक योगदान के लिए एनआईटी पटना द्वारा प्रतिष्ठित “अल्मुनाई अचीवर्स अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के प्रमुख शिक्षाविद, वैज्ञानिक, प्रशासक और अकादमिक जगत की विशिष्ट हस्तियों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रो. सिंह के शैक्षणिक नवाचार, संस्थागत विकास में योगदान और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की विशेष सराहना की गई।
प्रो. सिंह के नेतृत्व में पूर्णिया विश्वविद्यालय ने अकादमिक गुणवत्ता, शोध गतिविधियों, प्रशासनिक पारदर्शिता और छात्रहितैषी नीतियों में नई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उनके कुशल मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय न केवल क्षेत्रीय स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
इस सम्मान से पूर्णिया विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। शिक्षकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ और शिक्षाजगत से जुड़े बुद्धिजीवियों ने प्रो. सिंह को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी और इसे पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया है।



