विदाई समारोह में छलकीं आंखें, राजकीय मध्य विद्यालय जोगबनी के प्रधानाध्यापक भरत कुमार हुए सेवानिवृत्त

अररिया, प्रिंस कुमार:  राजकीय मध्य विद्यालय जोगबनी के प्रांगण में गुरुवार को एक गरिमामय ‘विदाई सह सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाध्यापक भरत कुमार की सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें विद्यालय परिवार, शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

25 वर्षों तक जोगबनी स्कूल को सींचा समारोह के दौरान वक्ताओं ने भरत कुमार के कार्यकाल की जमकर सराहना की। बताया गया कि उन्होंने इस विद्यालय को अपने जीवन के 25 महत्वपूर्ण वर्ष दिए। उनके कार्यकाल में न केवल स्कूल के बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ, बल्कि एक बेहतर शैक्षणिक माहौल का भी निर्माण हुआ। विदाई की घड़ी में सहकर्मियों और छात्रों की आंखें नम दिखीं।

“समय बदल जाता है, लेकिन यादें नहीं बदलती” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र विश्वास ने भावुक होते हुए कहा, “जिंदगी का यही वसूल है—जिंदगी चली जाती है, समय बदल जाता है, लेकिन यादें कभी नहीं बदलतीं।” उन्होंने भरत कुमार के कुल 32 वर्षों के सेवा काल की सराहना करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित शिक्षक बताया।

उपहार और मालाओं से किया गया सम्मानित विदाई समारोह में विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक को फूल-मालाओं से लाद दिया गया। उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके सुखद और स्वस्थ भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्धजन और शिक्षक संघ के सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया।

Categories: