अररिया, प्रिंस कुमार: अररिया जिले के बथनाहा स्थित एसएसबी 56वीं बटालियन मुख्यालय में मंगलवार को एक भव्य ‘बैच अलंकरण समारोह’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उन जवानों के सम्मान में आयोजित किया गया था, जिन्हें कॉन्स्टेबल के पद से सीनियर कॉन्स्टेबल के पद पर प्रोन्नति मिली है। इस गौरवशाली क्षण का गवाह बनने के लिए मुख्यालय सहित विभिन्न बाह्य सीमा चौकियों के जवान भी शामिल हुए।
अधिकारियों ने पहनाया पदोन्नति का बैच
समारोह के मुख्य अतिथि एसएसबी पूर्णिया रेंज के उप महानिरीक्षक (DIG) राजेश कुमार टिक्कू और कमांडेंट शाश्वत कुमार ने पदोन्नत हुए कार्मिकों को उनके नए रैंक के बैच पहनाकर अलंकृत किया। जैसे ही जवानों के कंधों पर नया रैंक सजा, पूरा परिसर उत्साह और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
जिम्मेदारी और अनुशासन की सीख
समारोह को संबोधित करते हुए उप महानिरीक्षक राजेश कुमार टिक्कू ने कहा कि पदोन्नति केवल रैंक का बढ़ना नहीं है, बल्कि यह देश सेवा के प्रति बढ़ती हुई जिम्मेदारियों का प्रतीक है। उन्होंने जवानों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कमांडेंट शाश्वत कुमार ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि: “यह पदोन्नति आपकी निष्ठा, कड़े अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति आपके समर्पण का परिणाम है। उम्मीद है कि आप अपनी नई भूमिका में और अधिक ऊर्जा के साथ कर्तव्य का निर्वहन करेंगे।” पदोन्नति पाने वाले जवानों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। अधिकारियों ने सभी जवानों को ईमानदारी और ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया।



