नक्षत्र मालाकार की प्रतिमा स्थापना की मांग: माली कल्याण समिति ने मुख्य पार्षद को सौंपा ज्ञापन

अररिया, प्रिंस कुमार: कोशी और सीमांचल के महान स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक क्रांति के अग्रदूत नक्षत्र मालाकार की स्मृति को संजोने के लिए माली (मालाकार) कल्याण समिति आगे आई है। समिति ने फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थान पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर मुख्य पार्षद वीणा देवी को एक ज्ञापन सौंपा।

मुख्य पार्षद के आवास पर हुई मुलाकात
समिति के जिलाध्यक्ष सत्यवान मालाकार के नेतृत्व में एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्य पार्षद के आवास पर पहुँचा। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए विस्तार से बताया कि क्यों नक्षत्र मालाकार की प्रतिमा शहर के हृदय स्थल पर होनी चाहिए।

संघर्ष और राष्ट्रसेवा का गौरवशाली इतिहास
ज्ञापन में समिति ने नक्षत्र मालाकार के जीवन संघर्षों को रेखांकित करते हुए कहा: आजादी की लड़ाई: उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ ‘नमक सत्याग्रह’ और जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में ‘संपूर्ण क्रांति’ में सक्रिय भूमिका निभाई।सामाजिक न्याय: उनका पूरा जीवन दलितों, पिछड़ों और शोषित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने सामंती और महाजनी प्रथा के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाई। कठोर कारावास: सामाजिक समानता की लड़ाई और झूठे मुकदमों के कारण उन्हें 14 वर्ष के आजीवन कारावास की सजा भुगतनी पड़ी, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद भी उनका संघर्ष थमा नहीं।

इनकी रही मौजूदगी
मुख्य पार्षद को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सत्यवान मालाकार के साथ महामंत्री संतोष कुमार मालाकार, गोपाल मालाकार, जनार्दन मालाकार और रामप्रवेश मालाकार मुख्य रूप से शामिल थे।

मुख्य पार्षद का आश्वासन
समिति की मांग को गंभीरता से सुनते हुए मुख्य पार्षद वीणा देवी ने इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने और स्वतंत्रता सेनानी के सम्मान हेतु उचित विचार करने का आश्वासन दिया।

Categories: