पूर्णिया: जिला जनसंपर्क कार्यालय पूर्णिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या–178, दिनांक 13 फरवरी 2026 के अनुसार ‘07 निश्चय–03 से बढ़ेगा अपना बिहार’ अभियान के तहत संचालित ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को प्रज्ञान सभागार में जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार  ने आम नागरिकों से रू-ब-रू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 38 आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें सर्वाधिक मामले राजस्व, विधि शाखा, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा तथा शिक्षा विभाग से संबंधित थे।

जिलाधिकारी ने चार मामलों का मौके पर ही निष्पादन सुनिश्चित कराया, जबकि शेष आवेदनों पर त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। सुनवाई के दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व) सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण कर आवेदकों को प्राप्ति रसीद प्रदान की गई तथा बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

जिला प्रशासन ने बताया कि ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर पर नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जा रही है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"