अररिया, प्रिंस कुमार: अररिया जिले के फारबिसगंज में नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की अहम बैठक मुख्य पार्षद वीणा देवी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई, जिसमें नगर विकास, प्रशासनिक आधुनिकीकरण और आगामी वित्तीय वर्ष की रूपरेखा पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में नगर परिषद कार्यालय के कंप्यूटर कक्ष के नवीनीकरण, सर्वर हार्डवेयर की स्थापना तथा लेखांकन कार्यों के लिए डेडिकेटेड सॉफ्टवेयर लागू करने पर सहमति बनी।
साथ ही करदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन टैक्स जमा प्रणाली शुरू करने को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। शहर के मोक्षधाम (श्मशान घाट) के आधुनिकीकरण के लिए विशेषज्ञ परामर्शी संस्था से प्राक्कलन तैयार कराने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि अंतिम संस्कार हेतु आने वाले लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। आगामी वित्तीय वर्ष के बजट प्राक्कलन निर्माण के लिए परामर्शी नियुक्ति पर चर्चा हुई, जबकि वार्ड संख्या 07 स्थित सामुदायिक भवन को ‘जीविका’ समूह को किराए पर देने पर सहमति बनी।
श्रीकाली पूजा मेला से संबंधित निविदा दाताओं की सुरक्षित जमा राशि वापसी तथा पार्षदों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न आवेदनों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी रणधीर लाल सहित समिति सदस्य मनोज सिंह, गणेश गुप्ता और मो. इस्लाम मौजूद रहे और विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया गया।



