पूर्णिया: पूर्णिया के 256वें स्थापना दिवस के अवसर पर छात्र राजद की जिला इकाई ने सनौली चौक स्थित पार्टी कार्यालय में केक काटकर जश्न मनाया, लेकिन साथ ही सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार भी किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने किया।
उन्होंने कहा कि 14 फरवरी 1770 को स्थापित पूर्णिया आज 257वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है, फिर भी शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। बिस्मिल ने मां पूर्ण देवी मंदिर परिसर के समुचित विकास, उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने मांग की कि सीमांचल के प्रमुख केंद्र के रूप में पूर्णिया को उप-राजधानी का दर्जा दिया जाए, यहां एम्स और पटना हाईकोर्ट की बेंच स्थापित की जाए ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और न्याय सुविधा मिल सके। साथ ही बंद पड़े उद्योगों, चीनी और जूट मिलों को पुनः चालू कर युवाओं के लिए रोजगार सृजन करने की मांग भी उठाई गई। इस मौके पर छात्र राजद के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



