पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: पूर्व विधायक स्वर्गीय शालिग्राम सिंह तोमर की 46 वीं पुण्यतिथि बडे ही श्रद्धाभाव एवं धूमधाम से मनायी गयी। इस अवसर पर उनके गाँव झलारी स्थित उनकी समाधि स्थल पर पुण्यतिथि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कलाधर प्रसाद मंडल उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ सबसे पहले समाधि स्थल पर बने आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर, उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अतिथियों के सम्मान में शिक्षक मसूदन ठाकुर के द्वारा गाये गए स्वागत गान ने सबका मन मोह लिया। पुण्यतिथि समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कलाधर प्रसाद मंडल ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला तथा उनके आदर्श को अपनाने पर जोर दिया। पूर्व विधायक स्वर्गीय तोमर की धर्मपत्नीशान्ति देवी ने श्शाल एव मोमेंटो से विधायक कलाधर प्रसाद मंडल को सम्मानित किया। इनके अलावा जे पी सेनानियों को अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। यह बता दें कि रूपौली के पूर्व विधायक शलिग्राम सिंह तोमर के पिता का नाम सत्यदेव सिंह और मां कौशल्या देवी थीं। इनका जन्म जन्माष्टमी के दिन 15 अगस्त 1941 को हुआ था। प्राथमिक शिक्षा अपने गांव झलारी से पूरी की और स्नातक की पढ़ाई पूर्णिया कॉलेज से प्राप्त किया।
इनका पेशा गरीबों की सेवा, वकालत और राजनीति थी। पूर्व विधायक शालिग्राम सिंह तोमर का निधन 14 फरवरी 1980 को शिवरात्रि के दिन हुआ था। उन्होंने जनतापार्टी के शासनकाल में रूपौली का प्रतिनिधित्व किया था, परंतु उनके आकस्मिक निधन ने सबको झिंझोर दिया था। आज भी इस क्षेत्र में कहा जाता है कि विधायक हो तो तोमर जैसा। उनके निधन पर हर व्यक्ति व्यथित हुए थे तथा उनकी आंखें नम हुई थीं। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष निरंजन मंडल, मेदिनी मेहता, मुकेश कुमार दिनकर, मंटून सिंह तोमर, प्रवेश सिंह तोमर, योगेंद्र सिंह, प्रेमकिशोर सिंह यादव, अमरकांत झा सहित कई गणमान्य लोगों ने भी पूर्व विधायक के जनता के प्रति त्याग के लिए आभार व्यक्त किया।



