प्रिंस कुमार/ अररिया: अररिया जिले के बथनाहा स्थित एसएसबी 56वीं वाहिनी मुख्यालय में महाशिवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्यालय परिसर स्थित मंदिर में भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिसमें वाहिनी के कमांडेंट शाश्वत कुमार ने मुख्य यजमान के रूप में शिरकत की।
विधि-विधान से हुआ पूजन कमांडेंट शाश्वत कुमार ने एसएसबी के अन्य अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों के साथ मिलकर भगवान शिव की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। पंडितों द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चारण और आरती से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने महादेव का जलाभिषेक कर देश की रक्षा और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
राष्ट्र सुरक्षा और एकता का संकल्प पूजा के दौरान कमांडेंट और समस्त कार्मिकों ने संयुक्त रूप से राष्ट्र की सुरक्षा, सीमाओं की मजबूती, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की उत्तरोत्तर उन्नति तथा देश में सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की।
आध्यात्मिक चेतना और अनुशासन इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि महाशिवरात्रि का यह पर्व बल के भीतर आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ-साथ जवानों में एकता, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।



