पूर्णिया, आनंद यादुका: पूर्णिया एसपी के निर्देश पर सोमवार को भवानीपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान में अवर निरीक्षक श्रुति कुमारी, शिवेश कुमार झा एवं बीरेंद्र कुमार नट सदलबल के साथ सक्रिय रूप से शामिल रहे। वाहन जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहनों की डिग्गी की जांच के साथ-साथ बाइक सवारों की तलाशी भी ली। इस क्रम में ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट तथा आवश्यक कागजात के अभाव में चल रहे वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
थाना चौक के समीप चलाए गए अभियान के दौरान कई वाहन चालकों से नियम उल्लंघन पर जुर्माना वसूला गया। अचानक चलाए गए इस सघन जांच अभियान से बिना वैध कागजात के वाहन चलाने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।



