पूर्णिया: पूर्णिया पुलिस के साइबर थाना ने फर्जी सिम कार्ड की खरीद-बिक्री कर सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर एक महिला की तस्वीर वायरल करने के मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर 18 फरवरी को रूपक कुमार उर्फ सूरज कुमार (निवासी सरसी, वार्ड 13) और सुमन कुमार (निवासी सरसी, वार्ड 17, मझुआ प्रेमराज मिलिख, थाना-सरसी) से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 13/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धाराओं 66, 66C, 66E, 67 और 67A के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी की कार्रवाई विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत की गई और दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है।
छापेमारी दल में आरीज एहकाम, राजेश कुमार गुप्ता, मनीष चन्द्र यादव एवं सिपाही मनोज कुमार मरांडी शामिल रहे। पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



