फारबिसगंज: सदर रोड निर्माण में भारी अनियमितता का आरोप, स्थानीय लोगों ने देर रात रुकवाया काम

प्रिंस कुमार/ अररिया: शहर के मुख्य मार्ग सदर रोड में बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में बीती देर रात जमकर हंगामा हुआ। पोस्ट ऑफिस चौक से लेकर मातादीन मिठाई दुकान (रेलवे मोड़) तक हो रहे निर्माण कार्य में स्थानीय लोगों ने गुणवत्ता और नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए काम का कड़ा विरोध किया।

विरोध कर रहे स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कार्यस्थल पर योजना से संबंधित कोई भी सूचना बोर्ड (Display Board) नहीं लगाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निर्माण कार्य पूरी तरह से प्राक्कलन के विपरीत किया जा रहा है। सबसे गंभीर बात यह रही कि इतनी बड़ी योजना का क्रियान्वयन बिना किसी विभागीय अभियंता की मौजूदगी में कराया जा रहा था।

स्थानीय लोगों ने संवेदक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क निर्माण में प्रयुक्त होने वाला मसाला (कंक्रीट मिक्स) नियम के विरुद्ध किसी अन्य स्थान पर तैयार कर ट्रैक्टरों से कार्यस्थल पर लाया गया और आनन-फानन में बिछाया गया। मुख्य एजेंसी ने पेटी कॉन्ट्रैक्ट के तहत किसी स्थानीय दूसरी एजेंसी को काम सौंप दिया है, जिससे गुणवत्ता की बलि दी जा रही है।

नगर परिषद प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं, क्योंकि शहर के बीचों-बीच हो रहे इस ‘घटिया’ निर्माण पर प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।”यह पूरी योजना लूट का जरिया बन गई है। पूर्व में बने नाले की ऊंचाई गलत रखी गई और अब सड़क निर्माण में भी भारी धांधली हो रही है। हम इसकी निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।”

गौरतलब है कि यह सड़क और नाला निर्माण कार्य फारबिसगंज के तत्कालीन विधायक विद्यासागर केशरी उर्फ मंचन केशरी की अनुशंसा पर कराया जा रहा है। निर्माण की जिम्मेदारी अररिया की चंद्रा कंस्ट्रक्शन एजेंसी को दी गई है। एजेंसी ने पश्चिमी दिशा में नाला निर्माण पूरा करने के बाद अब सड़क का काम शुरू किया है, लेकिन पहले दिन से ही यह विवादों के घेरे में आ गया है।

स्थानीय लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित नहीं किया जाता और निष्पक्ष एजेंसी से इसकी जांच नहीं होती, तब तक वे गुणवत्ताहीन कार्य नहीं होने देंगे।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon