अंग इंडिया / पूर्णियाँ / किशन : जीएमसीएच पूर्णिया के गर्ल्स हॉस्टल के बाहर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। हॉस्टल परिसर के पास अश्लील हरकत करते हुए एक युवक को रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी युवक ने दावा किया कि वह इसी साल जनवरी माह में हुई इसी तरह की एक घटना में भी शामिल था, जिसमें संदेह के आधार पर एक गार्ड पर कार्रवाई हुई थी।
आरोपी युवक ने बताया कि जनवरी में हुई शर्मनाक घटना को उसने ही अंजाम दिया था, लेकिन उस समय उसकी पहचान नहीं हो सकी और एक निर्दोष गार्ड पर कार्रवाई की गई। उसने कहा कि उसकी गलती की वजह से एक बेगुनाह व्यक्ति को परेशानी झेलनी पड़ी।घटना की जानकारी मिलने के बाद हॉस्टल की छात्राओं और मेडिकल कॉलेज प्रशासन में आक्रोश का माहौल है। छात्राओं ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।मामले की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।

आरोपी युवक
साथ ही जनवरी में हुई घटना से जुड़े तथ्यों की भी दोबारा जांच की जा सकती है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उस समय हुई कार्रवाई सही थी या नहीं।
यह घटना संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करती है। छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल जैसे संवेदनशील स्थानों के आसपास निगरानी बढ़ाने, पर्याप्त सुरक्षा कर्मी तैनात करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने की आवश्यकता है।