पूर्णिया: Mock Drill Advisory गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर 7 मई को देशभर के विभिन्न राज्यों में एकसाथ ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसके तहत पूर्णिया जिले में भी शाम 7 बजे से 10 मिनट तक सभी लाइटें बंद रखी जाएंगी। इस अभियान का उद्देश्य आपदा प्रबंधन व्यवस्था की तैयारियों को परखना और नागरिकों को संभावित आपात स्थिति के लिए जागरूक करना है। पूर्णिया जिला प्रशासन ने इसको लेकर व्यापक तैयारी की है और लोगों से सहयोग की अपील की है।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय कुमार शर्मा ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि यह मॉक ड्रिल पूरी तरह से एक अभ्यास है, जिससे घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। शाम 7 बजे एक सायरन बजेगा, जिसके बाद अगले 10 मिनट तक पूरे जिले में लाइटें बंद रहेंगी। नागरिकों से कहा गया है कि वे इस दौरान अपने घरों, दुकानों और वाहनों की लाइटें बंद रखें, सार्वजनिक स्थानों पर रुकें और शांत रहें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और इस राष्ट्रीय स्तर के अभ्यास में पूर्ण सहयोग दें। मॉक ड्रिल के दौरान इन्वर्टर, बैटरी लाइट, मोबाइल फ्लैशलाइट, और अन्य रोशनी के विकल्पों का भी उपयोग न करने की सलाह दी गई है।
यह ब्लैकआउट ड्रिल केवल पूर्णिया तक सीमित नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में एकसाथ लागू की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में देश की सामूहिक तैयारी को परखा जा सके। जिला प्रशासन को भरोसा है कि पूर्णिया वासी जिम्मेदारी के साथ इस अभियान का हिस्सा बनेंगे और इसे सफल बनाएंगे।



