
Operation Sindoor: सेना ने देश का सीना चौड़ा किया, क्षेत्र में जश्न का माहौल
पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: Operation Sindoor सेना ने आतंकवादियों के 9 ठिकानों को नेस्तनाबूद करके देश का सीना चौड़ा कर दिया है। उक्त बातें यहां के बुजूर्ग रामधनी त्यागी एवं शमशेर बहादुर सिंह आदि ने खुशियां जाहिर करते हुए कही। उन्होंने कहा कि उन्होंने 1971 का भी जंग देखा है। तब भी इसी तरह की खुशियां देश की सेना दे रही थी। उन्हें याद है कि जब तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान से जंग हो रहा था, तब यहां के आसमानसे हवाई जहाजों की उडान होती थी, जिससे वे ही नहीं, बल्कि सभी लोग काफी रोमांचित हो जाया करते थे।
रेडियो पर सेना की बहादुरी की खबरें सुनकर उनका सीना खुशी से चौड़ा हो जाता था। वे जांबाज सेना को प्रणाम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग सेना के शौर्य पर अंगुली उठाते हैं तथा उनसे सबूत मांगते हैं, वे आज जाकर देख लें कि किस कदर हमारी सेना ने आतंकवादियों के एक नहीं, बल्कि नौ-नौ ठिकानों पर हमला करके ध्वस्त कर दिया है। सिर्फ पीओक पर नहीं, बल्कि पाकिस्तान में सौ किलोमीटर घुसकर आतंकवादियों पर हमला किया है।
सेना ने एकसाथ अपने देश पर हुए सभी आतंकी हमलों का बदला ले लिया है। उन्होंने इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह आदि की भी शासन-प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि देश एक ऐसे हाथ में है, जो देश का बाल-बांका नहीं होने देगा। जरूरत पडने पर 56 इंच का सीना दिखा ही देता है। इधर क्षेत्र में इसको लेकर जश्न का माहौल है तथा पटाखे एवं अबीर के साथ लोग खुशियां मना रहे हैं।