PURNIA NEWS : पूर्णिया के सिटी काली मंदिर स्थित सौरा नदी तट आज शाम दिव्य प्रकाश और श्रद्धा से जगमगा उठेगा। श्रीराम सेवा संघ पूर्णिया की ओर से आज भव्य देव-दीपावली और महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। संघ के ओजस्वी कार्यकर्ताओं द्वारा काली मंदिर परिसर, सिटी पुल और सौरा नदी तट को भगवा ध्वज, पुष्प मालाओं, रंग-बिरंगी लाइटिंग, तोरण द्वार, आकर्षक रंगोली और 11 हजार दीपों से सजाया गया है। पूरा परिसर अब वाराणसी के दशाश्वमेध घाट की झलक पेश कर रहा है।
कार्यक्रम में बनारस के प्रसिद्ध आचार्य तिवारी बाबा जी महाराज के नेतृत्व में 11 पंडित 11 चौकियों पर एक साथ महाआरती करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए महिला और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था, गाड़ी पार्किंग, सुरक्षा, आवा-गमन और प्रसाद वितरण के लिए मुकम्मल इंतज़ाम किए गए हैं। श्रीराम सेवा संघ के संचालक आतिश सनातनी व कोषाध्यक्ष राहुल राज सहित सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। संघ के संस्थापक राणा प्रताप सिंह ने पूर्णिया की माताओं और बहनों से अपील की है कि वे सुबह से ही मंदिर परिसर में आकर्षक रंगोली बनाएं और संध्या बेला में दीप प्रज्ज्वलित करें। संघ ने जिलेवासियों से भी आग्रह किया है कि वे सपरिवार आज शाम सौरा नदी तट पहुंचें और इस देव-दीपावली एवं महाआरती के अलौकिक दृश्य का साक्षी बनें। जिला प्रशासन और नगर निगम भी आयोजन की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रहे हैं।




