पूर्णिया: आगामी 6 और 7 सितंबर को आयोजित होने वाली 17वीं बिहार राज्य स्तरीय रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता को लेकर शुक्रवार की संध्या पूर्णिया जिला स्कूल मैदान से एक विशाल और आकर्षक फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य प्रतियोगिता के लिए शहरवासियों को आमंत्रित करना और साइकिलिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। यह फ्लैग मार्च खीरू चौक, लखन चौक, आर एन साह चौक होते हुए आस्था मंदिर मार्ग से पुनः जिला स्कूल मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ।
मार्च में भाग लेने वाले साइकिलिंग प्रतिभागी बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे थे, जिनके साथ-साथ एनसीसी कैडेट्स, क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ी, डिस्ट्रिक्ट साइकिलिंग एसोसिएशन पूर्णिया के सदस्य, प्रतिष्ठित व्यवसायी, चिकित्सक, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग हरे रंग की टी-शर्ट और PDCA के लोगो वाले ध्वजों के साथ कतारबद्ध होकर शामिल हुए, जिससे एक मनमोहक दृश्य प्रस्तुत हुआ। कार्यक्रम में उद्घोषणा की जिम्मेदारी श्रीराम सेवा संघ के संस्थापक एवं एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य राणा प्रताप सिंह ने निभाई। फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन सिंह, सचिव विजय शंकर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल और एस.के. सरोज ने किया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था की कमान नंदकिशोर सिंह, पंकज श्रीवास्तव, शशांक शेखर सिंह, तौफीक आलम और मुरारी सिंह ने संभाली।
मीडिया प्रभारी पवन कुमार पोद्दार ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का आयोजन अप्सरा मंगल विवाह भवन (बेलौरी) के पास सुबह 6 बजे से शुरू होगा, जिसमें अब तक 20 जिलों के लगभग 250 प्रतिभागी अपना पंजीकरण कर चुके हैं। अध्यक्ष नवीन सिंह ने इसे पूर्णिया के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता के इतिहास में एक नई मिसाल कायम करेगा। फ्लैग मार्च में शहर के तमाम प्रमुख व्यक्तियों की उपस्थिति और सहयोग ने आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बना दिया।



