पूर्णिया: पूर्णिया जिला क्रीड़ा भारती की जिला स्तरीय बैठक रविवार को जिला अध्यक्ष विजय शंकर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्कूल रोड स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी अधिवक्ता पवन कुमार पोद्दार ने बताया कि क्रीड़ा भारती का लक्ष्य विलुप्तप्राय भारतीय खेलों जैसे खो-खो, कबड्डी, रग्बी और साइकिलिंग को पुनः स्थापित करना है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 28 फरवरी से 1 मार्च तक पूर्णिया जिला स्कूल मैदान में अंतर विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के प्रमुख विद्यालयों की आठ बालिका टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए कार्य विभागों का बंटवारा करते हुए जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
विजय शंकर सिंह को समग्र व्यवस्था प्रमुख, जिला महामंत्री ब्रजेश भास्कर और अंजु कुमारी को नोडल अधिकारी बनाया गया। कोष व्यवस्था की जिम्मेदारी कृष्णा कुमार और विजय शंकर संभालेंगे, जबकि प्रचार-प्रसार एवं आमंत्रण विभाग पवन कुमार पोद्दार और भोजन व्यवस्था सुनिल कुमार दास व पवन कुमार विश्वास के जिम्मे रहेगी।
खेलवार प्रभारियों में खो-खो के लिए शुशील कुमार, कबड्डी के लिए आराधना, रग्बी फुटबॉल के लिए शुभम कुमार और साइकिलिंग के लिए शिवानी व सुष्मिता को जिम्मेदारी दी गई है, वहीं वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी का दायित्व सोनी दास को सौंपा गया। प्रतियोगिता में प्रत्येक खेल के विजेता और उपविजेता को शील्ड तथा सभी खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए जाएंगे। बैठक में जिला अध्यक्ष विजय शंकर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।



