PURNIA NEWS : साथी एवं जिला बाल संरक्षण इकाई, पूर्णिया के संयुक्त तत्वाधान में जिला मुख्यालय पर विद्यालय और पूर्व-विद्यालय सशक्तिकरण में विभिन्न हितग्राहियों की भूमिका पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। दीप प्रज्वलन के साथ उद्घाटन करते हुए सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण अमरेश कुमार, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सुमित प्रकाश, बाल संरक्षण पदाधिकारी विवेक कुमार और साथी के निदेशक कालेश्वर मंडल ने कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यशाला में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, विद्यालय और आंगनवाड़ी से बाहर बच्चों की सूची तैयार करने और उनके परिवारों से परामर्श करने पर जोर दिया गया। अमरेश कुमार ने संकटग्रस्त बच्चों की जानकारी तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल कल्याण समिति या जिला बाल संरक्षण इकाई को देने का सुझाव दिया और बाल विवाह निषेध हेतु सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की परवरिश योजना के लाभार्थियों को जोड़ने, बाल मजदूरी, बाल तस्करी और बाल विवाह के मामलों में समुदाय और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। बाल संरक्षण पदाधिकारी विवेक कुमार ने गाँव स्तर पर बाल संरक्षण समितियों को सशक्त करने की आवश्यकता बताई, जबकि साथी निदेशक कालेश्वर मंडल ने सभी हितधारकों को एक साझा मंच पर काम करने का महत्व बताया। माता समिति की अध्यक्ष रूपा देवी ने गाँव के बच्चों का प्रोफाइल तैयार करने और अनुश्रवण प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। बाल संसद के बच्चों ने खेल के माध्यम से अपनी यात्रा साझा की। कार्यशाला में स्वयंसेवी संगठन प्रतिनिधि, शिक्षक, माता समिति के सदस्य, चाइल्ड लाइन और ऑन स्टॉप सेंटर की टीम मौजूद रही। संचालन मीना कुमारी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन साथी के प्रबंधक भाग्यश्री मिश्रा ने किया।



