पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर नगर पंचायत के एक युवक की उत्तर प्रदेश में ट्रेन हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रामचन्द्र मंडल (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नगर पंचायत निवासी उपेंद्र मंडल के पुत्र थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामचन्द्र मंडल बीते रविवार को अपने गांव के सात अन्य लोगों के साथ मजदूरी करने महाराष्ट्र के लिए निकले थे। इसी दौरान यात्रा के क्रम में उत्तर प्रदेश के इटारसी जंक्शन के समीप वह ट्रेन से नीचे गिर पड़े, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना इटारसी पुलिस द्वारा भवानीपुर थाना को दी गई, जिसके बाद भवानीपुर पुलिस ने मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन इटारसी पहुंचे और सभी औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद शुक्रवार को शव को भवानीपुर लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे नगर पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के पिता, माता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही रुपौली विधायक कलाधर प्रसाद मंडल मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस हृदयविदारक घटना से भवानीपुर नगर पंचायत शोक में डूबा हुआ है।



