पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शहीदगंज पंचायत अंतर्गत भंगड़ा वार्ड 1 का एक युवक विक्रमशिला एक्सप्रेस में नशाखुरानी गिरोह का शिकार हो गया । नशाखुरानी गिरोह का शिकार हुआ युवक भंगड़ा निवासी मो० सईद का पुत्र मो० रहमत है । गंभीर स्थिति में रहमत का इलाज भवानीपुर सीएचसी में चल रहा है । रहमत के परिजनों ने बताया की वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है और रहमत मंगलवार को विक्रमशिला एक्सप्रेस पकड़ कर अपने घर आ रहा था। घर आने के दौरान भागलपुर से पहले जमालपुर स्टेशन के नजदीक नशाखुरानी गिरोह के लोगों ने उसे पानी के साथ नशा पिला दिया ।
गनीमत यह रही कि हल्की बेहोशी आने पर रहमत ने फोनकर इसकी सूचना अपने घरवालों को दे दिया । जिसके बाद उनके घरवाले भागलपुर स्टेशन पहुंचकर उसे बेहोशी की हालत में ट्रेन से उतारकर भवानीपुर सीएचसी लाने का काम किया । मौके पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डा० कुमार मृगेश के द्वारा गंभीर रूप से बेहोश रहमत का इलाज किया जा रहा है । चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० कुमार मृगेश ने बताया कि हालात में सुधार नहीं होने की स्थिति में रहमत को बेहतर इलाज के लिए हाइयर सेंटर रेफर भी किया जा सकता है ।



