PURNIA NEWS : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) पूर्णिया पूर्व नगर इकाई द्वारा शनिवार को पूर्णिया कॉलेज के महर्षि मेंहीं सभागार में डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि सह “सामाजिक समरसता दिवस” पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और बाबा साहेब के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिन्होंने बाबा साहेब के जीवन, विचार और समाज सुधार में उनके योगदान पर अपने विचार रखे।
ABVP की केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य समीक्षा यदुवंशी ने कहा कि आज के युवाओं के लिए बाबा साहेब प्रेरणा स्तंभ हैं। एकता और समरसता का मार्ग बाबा साहेब ने दिखाया, जिसे अपनाकर ही समाज आगे बढ़ सकता है।
पूर्णिया कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. सावित्री सिंह ने कहा कि बाबा साहब न केवल संविधान निर्माता थे, बल्कि समाज को समानता और अधिकारों की रोशनी देने वाले महान समाज सुधारक भी थे। उनके पदचिन्हों पर चलना हम सभी के लिए गर्व की बात है।
विभाग संयोजक नीतीश निक्कू ने बाबा साहेब के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि अभाविप हर वर्ष 6 दिसंबर को ‘सामाजिक समरसता दिवस’ मनाकर समाज में समानता की भावना को जागृत करने का काम करता है। ABVP पूरे वर्ष सामाजिक समरसता के मूल्यों को बढ़ावा देती है और विद्यार्थियों को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम का संचालन दीपेश कुमार ने किया, जबकि जिला संयोजक दीपक चौधरी ने सभी अतिथियों और छात्रों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रांत खेलो भारत के सह संयोजक डॉ. निखिल कुमार, प्रो. सी.के. मिश्रा, प्रो. सुमन कुमार, ABVP नगर मंत्री आर्यन राज, रोहित कुमार, कार्यालय मंत्री भरत कुमार, सहमंत्री राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित थे।




