अररिया, प्रिंस कुमार: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 17 फरवरी से 25 फरवरी तक होने वाली परीक्षा को लेकर स्थानीय डीआरसीसी भवन में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन और पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी, गस्ती दल एवं उड़नदस्ता दल के सदस्य, एसडीओ-एसडीपीओ, वरीय कोषागार पदाधिकारी तथा संबंधित बैंक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर धारा 144 का सख्ती से पालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की नकल या गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए।
सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, उड़नदस्ता टीमों की लगातार निगरानी और परीक्षा सामग्री के सुरक्षित भंडारण व समय पर वितरण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने साफ किया कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



