ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : अररिया-फारबिसगंज मार्ग पर हरियावाड़ा कटिंग के पास एक दुखद सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसे में घायल हुए युवक की शुक्रवार को इलाज के दौरान पूर्णिया में मौत हो गई। वही मृतक की पहचान फुलो ततमा के रूप में हुई है, जो फारबिसगंज प्रखंड के सिमराहा थाना क्षेत्र के औराही पूरब वार्ड नंबर 2 के रहने वाले थे। घायल अन्य दो युवक रेणु ततमा और स्वीन ततमा हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब फुलो ततमा अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से अररिया में डॉक्टर के पास जा रहे थे। रेणु ततमा को तेज बुखार और सिरदर्द की शिकायत थी। रास्ते में हरियावाड़ा कटिंग के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
वही हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को सदर अस्पताल अररिया पहुँचाया । डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहाँ इलाज के दौरान शुक्रवार को फुलो ततमा ने दम तोड़ दिया। यातायात थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए जांच कर रही है। इस घटना के बाद, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।



