ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मंडल अविनाश आनंद ने फारबिसगंज विधानसभा के तिरसकुंड और रमे पंचायतों के सैकड़ों युवाओं के साथ संवाद किया। समौल में आयोजित एक बैठक में उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव की भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। आनंद ने कहा कि तेजस्वी यादव एक युवा नेता हैं, जो बिहार को युवा, सशक्त, उन्नत और विकसित बनाना चाहते हैं। उन्होंने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 20 साल तक बिहार की जनता की सुध नहीं ली गई और अब चुनाव से ठीक पहले वादों की झड़ी लगाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में शिक्षित युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है, रोजगार की तलाश में पलायन जारी है, किसानों के लिए स्थानीय फसलों पर आधारित उद्योग नहीं लग रहे हैं, प्रशासनिक व्यवस्था में भ्रष्टाचार और घूसखोरी बढ़ गई है, और फारबिसगंज की स्वास्थ्य व्यवस्था भी खस्ताहाल है।
आनंद ने कहा कि बिहार की सत्ता में 20 वर्षों से बैठी यह सरकार अचेत अवस्था में जा चुकी है और आम जनता की सुध नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव युवाओं को रोजगार देना चाहते हैं, पलायन रोकना चाहते हैं और हर चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव के संकल्पों को जनता तक पहुँचाते हुए कहा कि बिहार में राजद की सरकार बनने पर कई महत्वपूर्ण योजनाएँ लागू की जाएँगी। इनमें सभी माँ-बहनों को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन (वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन) को 400 से बढ़ाकर 1500 रुपये करना, हर घर में 200 यूनिट मुफ्त बिजली, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, लाखों युवाओं के लिए रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएँ, और उद्योग लगाकर रोजगार सृजन कर पलायन रोकना शामिल है। मंडल अविनाश आनंद लगातार फारबिसगंज विधानसभा के गाँवों में जनसंपर्क और जनसंवाद कर रहे हैं और लोगों से बिहार में सत्ता परिवर्तन और युवा सरकार बनाने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने भी अब बिहार और फारबिसगंज में सत्ता परिवर्तन की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने सभी से आगामी विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में युवा सरकार बनाने में अपना योगदान देने की अपील की।



